रिपोर्ट :-उपेन्द्र कुमार पांडेय 

 

आजमगढ़। बिजली फ्लेक्चुशन के चलते हुए शॉर्ट सर्किट ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां राख के ढेर में बदल दिया है।

सगड़ी तहसील के कंधरापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहिउद्दीनपुर गांव में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में एक गरीब परिवार का सब कुछ जलकर बर्बाद हो गया। पीड़ित ने सरकार से मदद की गुहार लगाई है।

मामले में पीड़ित पतिराम यादव ने बताया कि घर में बिजली के फ्लैक्चुएशन के कारण अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक भनक लगी तब तक कमरे के अंदर रखा सारा सामान जल चुका था। पीड़ित पतिराम पेशे से ड्राइवर हैं और उनके परिवार में कुल 15 सदस्य हैं।

गनीमत यह रही कि घटना के समय पूरा परिवार घर के बाहर सो रहा था, जिससे किसी जनहानि नहीं हुई। हालांकि, इस अगलगी में घर में रखा अनाज, कपड़े, नकदी और गृहस्थी का सारा कीमती सामान जलकर खाक हो गया है।

पीड़ित परिवार के सामने दाने दाने का संकट खड़ा हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक नफीस अहमद ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।

फिलहाल, कंधरापुर थाने में घटना की सूचना दर्ज करा दी गई है। राजस्व विभाग के लेखपाल द्वारा क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवार को जल्द ही सरकारी राहत कोष से उचित मुआवजा प्राप्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *