
वाराणसी। धनंजयपुर ग्रामसभा स्थित प्राथमिक विद्यालय में रविवार को केयर रेयर इंडिया की ओर से मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करना रहा। समारोह संस्था के संस्थापक एवं सीईओ कमलेश कुमार पाल के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में हुआ। इस दौरान हाईस्कूल, इंटरमीडिएट समेत अन्य परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। ग्रामसभा के सफल एवं विभिन्न उच्च पदों पर कार्यरत कई सम्मानित लोगों ने मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता की। अतिथियों ने विद्यार्थियों से अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत और शिक्षा के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। संस्था के अनुसार सम्मानित विद्यार्थियों का चयन ग्रामसभा के नागरिकों के सहयोग से निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से किया गया। चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार के राजनीतिक हस्तक्षेप या भेदभाव से दूर रखा गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्रामीणों का भी सहयोग रहा। राजू प्रसाद प्रजापति और मंत्री प्रसाद ने जनसंपर्क एवं समन्वय में विशेष योगदान दिया। संस्था ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और ग्रामवासियों के प्रति आभार जताया।

Leave a Reply