मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्या माताश्री के निधन पर कुलपति ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

वाराणसी।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताश्री श्रीमती सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। वन्दनीया माताश्री के निधन से मा मुख्यमंत्री जी एवं उनके समस्त परिवार को हुई अपूरणीय क्षति के प्रति मैं अपनी गहन शोक संवेदना एवं आत्मीय सहानुभूति व्यक्त करता हूँ।

 

माँ का विछोह जीवन की उन गहनतम वेदनाओं में से है, जिसकी अनुभूति को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। माँ केवल जन्मदात्री ही नहीं, अपितु संतान के अस्तित्व की आधारशिला, संस्कारों की प्रथम प्रेरणास्रोत, स्नेह एवं वात्सल्य की अनन्त धारा और जीवन-पथ की मौन पथप्रदर्शिका होती है। उसका त्याग, तपस्या, ममता और आशीर्वाद संतान के व्यक्तित्व में इस प्रकार समाहित रहते हैं कि भौतिक सान्निध्य समाप्त हो जाने पर भी उसकी चेतना और संस्कार सन्तान के भीतर निरन्तर स्पंदित होते रहते हैं।

वस्तुतः माँ अपने संस्कारों, संकल्पों और जीवन-मूल्यों के माध्यम से संतान में सदैव जीवित रहती है। वह सन्तान की धड़कनों में, उसके विचारों में, उसके चरित्र में और उसके सद्कर्मों में अपनी उपस्थिति बनाए रखती है। संतान ही माँ के संस्कारों की संवाहक, उसके स्वप्नों की उत्तराधिकारी और उसके जीवनादर्शों की सच्ची प्रतिनिधि होती है। जब संतान सत्य, धर्म, न्याय, लोकमंगल और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलते हुए माँ की आकांक्षाओं, संकल्पों और आदर्शों को अपने आचरण एवं कर्मों में साकार करती है, तब माँ की चेतना और उसके जीवन-मूल्य चिरंतन रूप से जीवंत बने रहते हैं। इस दृष्टि से संतान का श्रेष्ठ चरित्र, उसके लोककल्याणकारी कार्य और समाज के प्रति उसकी प्रतिबद्धता ही माँ के संस्कारों की वास्तविक सार्थकता तथा उसके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होती है।

 

माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के लिए यह अत्यन्त भावनात्मक एवं पीड़ादायक मातृवियोग की घड़ी है। इस दुःखद अवसर पर सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय परिवार के प्रत्येक जन की हार्दिक कामना है कि पूज्य माताश्री के स्नेह, तपस्या, संस्कारों और जीवन-मूल्यों की अक्षय प्रेरणा उन्हें आत्मिक संबल प्रदान करती रहे। उनके द्वारा प्रदत्त जीवन-दृष्टि और संस्कार माननीय मुख्यमंत्री जी की सत्यनिष्ठा, लोकसेवा एवं समाज के प्रति दायित्वबोध को निरंतर प्रेरित करते रहें।

 

इस दुःख की घड़ी में मैं माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी एवं उनके समस्त शोकसंतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहन संवेदना एवं आत्मीय सहानुभूति व्यक्त करता हूँ। काशी की इस पावन एवं आध्यात्मिक धरा से आराध्य बाबा श्री काशी विश्वनाथ एवं भगवान श्रीहरि विष्णु के श्रीचरणों में प्रार्थना है कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं सद्गति प्रदान करें तथा माननीय मुख्यमंत्री जी एवं उनके परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति, धैर्य और आत्मिक सम्बल प्रदान करें।

पूज्य माताश्री के प्रति विनम्र श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी एवं उनके समस्त परिवार के प्रति सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय परिवार अपनी भावभीनी शोक संवेदना व्यक्त करता है।

 

*प्रो. बिहारी लाल शर्मा*

कुलपति

सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *