
अन्नपूर्णा आश्रम में 250 छात्र-छात्राओं को सीएम योगी ने लैपटॉप और सिलाई मशीनें वितरित कीं
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को शिवपुर स्थित अन्नपूर्णा ऋषिकुल ब्रह्मचर्याश्रम संस्कृत महाविद्यालय में काशी अन्नपूर्णा अन्न क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा आयोजित सिलाई-कढ़ाई एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र के 14वें सत्रांत समारोह में प्रतिभागी बालक-बालिकाओं को लैपटॉप, सिलाई मशीन और प्रमाणपत्र वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि “मां अन्नपूर्णा के प्रसाद स्वरूप ही हम अन्न प्राप्त करते हैं। यह कार्यक्रम नारियों के स्वावलंबन और सम्मान का प्रतीक है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” जैसे अभियानों से लेकर घरौनी, शौचालय, गैस कनेक्शन जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव लाए हैं। सीएम योगी ने कहा कि काशी का नेतृत्व दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता द्वारा किया जाना, हम सबका सौभाग्य है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की राजधानी में 1100 एकड़ में वस्त्र मित्र पार्क बनाया जा रहा है, जो वस्त्र उद्योग में रोजगार के नए अवसर खोलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में कृषि के बाद सबसे अधिक रोजगार वस्त्र क्षेत्र देता है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं से कहा कि “आप जितनी अधिक सिलाई करेंगी, आपकी आय में उतनी ही वृद्धि होगी।”
संस्कृत के महत्व पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि “आने वाले समय में संस्कृत ही एक-दूसरे की संस्कृतियों को जोड़ने वाली भाषा होगी। संस्कृत दिव्य ज्ञान की भाषा है जो विश्व कल्याण का मार्ग दिखाती है।”
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने माता सरस्वती, महादेव एवं माता अन्नपूर्णा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलन से किया। महंत शंकर पुरी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए आश्रम के सामाजिक और शैक्षणिक कार्यों की जानकारी दी।
इस अवसर पर राज्य मंत्री रवीन्द्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, अन्नपूर्णा सिंह, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, डॉ. अवधेश सिंह, सुशील सिंह, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
