वाराणसी। वाराणसी स्मार्ट सिटी के अंतर्गत त्रिनेत्र भवन में पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें शहर के 160 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र का 3-डी अर्बन स्पेशियल डिजिटल ट्विन मैप तैयार किया गया। लाइट डिटेक्शन एंड रेंजिंग (LiDAR) तकनीक से बनाए गए इस डिजिटल ट्विन मैप से जलकल, नगर निगम, विकास प्राधिकरण, जल निगम आदि संस्थाओं की कार्य प्रणाली सुदृढ़ होगी और ठोस अपशिष्ट, ट्रैफिक, जलवितरण व सीवरेज प्रणाली का बेहतर प्रबंधन संभव होगा। वाराणसी अब देश का पहला ऐसा शहर बन गया है, जिसने अपने सभी वार्डों के लिए 3-डी डिजिटल ट्विन तैयार किया है। इस मैप में 50 से अधिक लेयर-वार डेटा शामिल हैं, जैसे ड्रेनेज, वाटर पाइपलाइन, स्ट्रीट लाइट, शौचालय, पेयजल और वार्ड-सीमा आदि। कार्यशाला में अधिकारियों और कर्मचारियों को जेनेसिस इंटरनेशनल कॉर्पोरेशन, ऐनियास इंफ्रा और इसरी इंडिया के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया।
