
वाराणसी। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय अर्दली बाजार में आज भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान वैज्ञानिक डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर एक विचार गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें उनके जीवन, योगदान और राष्ट्र निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर चर्चा हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने की और संचालन जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू एडवोकेट ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. कलाम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि तमिलनाडु के रामेश्वरम् में 15 अक्टूबर 1931 को जन्मे डॉ. कलाम साहब ने युवाओं को सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा दी। उनका जीवन संघर्ष, सादगी और समर्पण की मिसाल है।
जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू एडवोकेट ने कहा कि डॉ. कलाम विकसित भारत के स्वप्नदृष्टा थे। उनका उद्देश्य भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना था। वे वैज्ञानिक, शिक्षक और जनप्रिय राष्ट्रपति के रूप में सदैव याद किए जाएंगे। कार्यक्रम में ओमप्रकाश सिंह, हीरू यादव, अखिलेश यादव, राजेंद्र प्रसाद, गोपाल पांडेय, रामकुमार यादव, डॉ. नंदलाल कन्नौजिया, विजय यादव, धर्मवीर पटेल, राजू यादव, वीरेंद्र कुमार, संजय बाबा, योगेंद्र प्रसाद, और विनोद शुक्ला सहित अनेक नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विचार गोष्ठी के दौरान सभी ने डॉ. कलाम के आदर्शों का अनुसरण करने और उनके सपनों के भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
