वाराणसी। महाशिवरात्रि महापर्व के पावन अवसर को दृष्टिगत रखते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं के सुगम, सुरक्षित और सुलभ दर्शन हेतु व्यापक एवं सुदृढ़ व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। मंदिर न्यास एवं प्रशासन ने संयुक्त रूप से तैयारियों को अंतिम रूप देना प्रारंभ कर दिया है, ताकि पर्व के दिन किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण और एसडीएम शंभूशरण ने परिसर का भ्रमण कर तैयारियां देखीं। इस दौरान आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

पूर्व में मंडलायुक्त तथा पुलिस आयुक्त अध्यक्षता में आयोजित समन्वय बैठक में सभी कार्यदायी संस्थाओं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जा चुके हैं। बैठक में भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा प्रबंध, आवागमन व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देने पर बल दिया गया। धाम परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था की जा रही है। लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालुओं के लिए ग्लूकोज, ओआरएस तथा गुड़ वितरण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे उन्हें थकान से राहत मिल सके। चिकित्सा सहायता केंद्रों को सुसज्जित किया गया है। खोया-पाया केंद्र तथा आपातकालीन सहायता व्यवस्थाएं भी सक्रिय रहेंगी।

धाम के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर सुव्यवस्थित बैरीकेडिंग, स्पष्ट मार्ग संकेतक तथा पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था की जा रही है। भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष योजना तैयार की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। महाशिवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत पंचकोसी परिक्रमा और मुख्य पर्व के दिन श्रद्धालुओं के सुचारु आवागमन के लिए निर्धारित संचलन योजना की स्थलीय समीक्षा की गई।

मंदिर न्यास के अधिकारियों और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से विभिन्न मार्गों, प्रवेश एवं निकास स्थलों तथा संवेदनशील क्षेत्रों का सूक्ष्म निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। विशेष रूप से मणिकर्णिका घाट पर कार्यरत एजेंसी को निर्देशित किया गया कि मणिकर्णिका और ललिता घाट को जोड़ने वाले मार्गों को समतल एवं सुरक्षित बनाया जाए, ताकि पंचकोसी परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। संबंधित कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *