
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने शासन की मंशा के अनुरूप विकास एवं निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर अभियान चलाकर प्राथमिकता पर पूर्ण कराये जाने हेतु विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओ को शीघ्र पूर्ण कराए जाने हेतु आगामी दिसम्बर माह को लक्ष्य कर रोडमैप बनाकर कार्य पूर्ण कराए जाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में पेयजल व सीवर की व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त कराए जाने का निर्देश देते हुए कहा कि इसमें किसी भी स्तर पर कोई बहानेबाजी बर्दास्त नही की जाएगी।
मंत्री रविन्द्र जायसवाल गुरुवार को सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास एवं निर्माण कार्यों के प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ऐसी मैकनिजम बनाया जाय, कि गंगा व वरुणा नदी में किसी भी दशा में सीवर का पानी नही जाने पाए। मंत्री ने निर्देशित किया कि शहर में जेएनयूआरएम योजना में डाले गए पाइप लाइन यदि कतिपय स्थानो पर कनेक्ट नहीं है, तो जलकल विभाग द्वारा ऐसे पेयजल एवं सीवर पाइपलाइन को जुड़वाने का कार्य करें। मंत्री रविंद्र जायसवाल ने गेल एवं टेलीकॉम विभाग द्वारा अपने विभागीय कार्यों के लिए सड़कों की किए जाने वाले खुदाई के पश्चात सड़कों का यथासमय मरम्मत न कराए जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देशित किया कि अब भविष्य में यदि खोदे गए सड़कों की शीघ्र प्राथमिकता पर मरम्मत कराए जाने की विभाग द्वारा गारंटी दिए जाने पर ही सड़क कटिंग की अनुमति दी जाए अन्यथा की स्थिति में सड़क कटिंग की अनुमति कतई न दिया जाए। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देशित करते हुए कहा कि शहर में सर्वे कराकर ऐसी गलियों एवं सड़कों को चिन्हित किया जाए, जो किसी योजना में सम्मिलित नहीं है और वहां पर मरम्मत की आवश्यकता है। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि ऐसे गलियों एवं सड़कों को चिन्हित करके उन्हें योजनाओं में शामिल कराकर मरम्मत की कार्रवाई सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि नगर निगम सीमा के अंतर्गत कोई भी गाली कच्चा नहीं रहना चाहिए। नगर निगम के सभी वार्डों में समुचित साफ सफाई सुनिश्चित कराए जाने पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने सभी वार्डों में दीवारों पर सफाई कर्मियों के नाम एवं उनके मोबाइल नंबर प्रदर्शित कराए जाने का निर्देश दिया। शहर के प्रमुख स्थानों पर दिशा सूचक एवं संबंधित स्थलों के नाम हेरिटेज बोर्ड पर प्रदर्शित कराए जाने हेतु भी उन्होंने विशेष जोर दिया। मंत्री रविंद्र जायसवाल ने लोक निर्माण विभाग सहित अन्य कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़कों पर मरम्मत कार्य के दौरान खाली स्थान कतई न छोड़े जाए। इंटरलॉकिंग कार्य के दौरान भी खाली स्थान न छोड़े जाए। क्योंकि इन्हीं स्थलों पर बाद में लोग अतिक्रमण कर लेते हैं।
बैठक में कमिश्नर कौशल राज शर्मा, जिलाधिकारी एस .राजलिंगम, नगर आयुक्त शिपु गिरी, उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण अभिषेक गोयल सहित लोक निर्माण विभाग, जलकर, जल निगम आदि विभागो के अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
