बलिया।डाक विभाग प्रधानमंत्री मोदी जी की “डिजिटल इण्डिया” और “वित्तीय समावेशन” संकल्पना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। देश के हर कोने में, हर दरवाजे पर डाक विभाग की पहुँच है और वह लोगों के सुख-दुःख में बराबर रूप से जुड़ा हुआ है। डाक सेवाएं नवीनतम टेक्नोलॉजी अपनाते हुए नित्य नए आयाम रच रही हैं। उक्त उद्गार वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने आज डाक अधीक्षक, बलिया मण्डल कार्यालय के वार्षिक निरीक्षण के दौरान व्यक्त किए। उन्होंने बलिया प्रधान डाकघर का विजिट भी किया और सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से लोगों के प्रति अच्छे व्यवहार और विभिन्न सेवाओं में आवंटित लक्ष्यों की प्राप्ति पर जोर दिया।

डाक अधीक्षक श्री हेमंत कुमार ने पोस्टमास्टर जनरल का स्वागत करते हुए बलिया में डाक सेवाओं की प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने डाक अधीक्षक कार्यालय में बैठक कर चालू वित्तीय वर्ष में बलिया में डाक सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की। डाकघरों में हर वर्ग और उम्र के हर पड़ाव के लिए अलग-अलग बचत और बीमा योजनाएँ हैं और इनमें लोग पीढ़ी दर पीढ़ी पैसे जमा करते हैं। बलिया के डाकघरों में डाकघरों में अब तक 7.6 लाख बचत खाते, 1.72 लाख इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खाते, 68 हज़ार सुकन्या समृद्धि खाते एवं 4,450 महिला सम्मान बचत पत्र खाते खोले गए हैं। वित्तीय वर्ष 2023-24 में बलिया मंडल में बचत बैंक सेवाओं से 10.80 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ, जो वाराणसी परिक्षेत्र में सर्वाधिक है। डाक जीवन बीमा में 3.31 करोड़ व ग्रामीण डाक जीवन बीमा में 2.02 करोड़ रुपये का कुल प्रीमियम जमा हुआ। ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ एवं ‘महिला सशक्तिकरण’ को बढ़ावा देते हुए बलिया में अभी तक 224 गाँवों को ‘सम्पूर्ण सुकन्या समृद्धि ग्राम’ और 07 गाँवों को ‘सम्पूर्ण महिला सम्मान बचत ग्राम’ बनाया जा चुका है। 83 गाँवों को ‘सम्पूर्ण बीमा ग्राम’ और 17 गाँवों को फाइव स्टार विलेज भी बनाया जा चुका है। प्रधान डाकघर में संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्र के माध्यम से बलिया में इस साल 5 हजार से ज्यादा लोगों ने पासपोर्ट बनवाया। 67 हजार लोगों ने डाकघर के माध्यम से नया आधार बनवाया या अपडेट किया, वहीं 61 हजार लोगों ने इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से सीईएलसी के अंतर्गत इसका लाभ उठाया।

इस अवसर पर डाक अधीक्षक हेमंत कुमार, सहायक निदेशक आर.के.चौहान, सहायक अधीक्षक संकठा प्रसाद राय, श्यामा चरण मिश्रा, उपमंडलीय निरीक्षक अंगद कुमार यादव, प्रवीण कुमार, सतीश यादव, दिलीप पाण्डेय, अनिकेत रंजन, पोस्टमास्टर बलिया प्रधान डाकघर अब्दुल कलाम, सहित तमाम अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *