
वाराणसी। जनपद वाराणसी के अन्तर्गत पिण्डरा अपनी समृद्ध कृषि, देशभक्ति और राष्ट्र के लिये सर्वस्व बलिदान, लोक गायन एवं लोक संस्कृति में अपने योगदान हेतु प्रसिद्ध है, इसके दृष्टिगत उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा पिण्डरा की उपलब्धियों को आम जनमानस के सम्मुख प्रस्तुत करने के लिये “पिण्डरा महोत्सव” का आयोजन 24 से 26 दिसम्बर तक किया जा रहा है। जिसमें जनपद के साथ-साथ अन्य प्रदेशों के कलाकारों द्वारा नृत्य, वादन एवं गायन की विधाओं में प्रस्तुति दी जायेगी। महोत्सव का उद्घाटन मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय डॉ महेंद्र नाथ पांडेय 24 दिसंबर को नेशनल इंटर कॉलेज, पिंडरा में पूर्वाह्न 11 बजे से करेगे।
शुक्रवार को सर्किट हाउस सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान उक्त जानकारी देते हुए पिंडरा विधानसभा के विधायक डॉ अवधेश सिंह ने बताया कि 24 दिसंबर को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व शहीदों के परिजनों का
सम्मान व 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के जन्म दिवस के अवसर पर खेल-कूद प्रतियोगिता अंतर्गत मैराथन दौड़ (पुरूष व महिला) एवं 26 दिसंबर को प्रगतिशील किसानों, बुद्धजीवियों,
वैज्ञानिकों प्रसिद्ध खिलाड़ियों मेधावी विद्यार्थियों, कलाकारों का सम्मानित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारम्भ 24 दिसम्बर के सांस्कृतिक कार्यक्रम में मोहन राठौर, मनोहर सिंह, अलका सिंह, अराधना सिंह, रविन्द्र ज्योति, विपुल चौबे एवं नीरज सिंह द्वारा गायन प्रस्तुत किया जायेगा। माता प्रसाद वर्मा एवं दल फरूवाही लोकनृत्य, अयोध्या एवं दीपक सिंह बिरहा का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम का दूसरे दिन 25 दिसंबर के सांस्कृतिक कार्यक्रम में मनोज तिवारी सांसद उत्तर पूर्वी दिल्ली, दिनेश लाल यादव निरहुआ सांसद आजमगढ़, गोपाल राय, अनुभा, सुमन अग्रहरि, सतीश पाण्डेय एवं अरविन्द सिंह द्वारा गायन प्रस्तुत किया जायेगा। अंजली उर्वशी लोकनृत्य, फौजदार सिंह आल्हा गायन का प्रस्तुति दी जायेगी।
कार्यक्रम का तीसरा दिन 26 दिसंबर के सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों में भरत शर्मा व्यास, मदन राय, राजन तिवारी, स्वराज सिंह, अमलेश शुक्ला एवं अस्था शुक्ला, स्नेहा अवस्थी, राहुल रोहित मिश्रा द्वारा गायन प्रस्तुत किया जायेगा। आशीष टण्डन एवं दल म्यूजिकल, सौरभ-गौरव मिश्रा कथक नृत्य एवंअशोक पाण्डेय वाद्यवृंद की प्रस्तुति दी जायेगी।
