कार्यों में तेजी लाए जाने का दिया निर्देश

 

वाराणसी। जिलाधिकारी एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में सोमवार को रायफल क्लब सभागार में विकास कार्यों के प्रगति की मासिक समीक्षा हुई।विभागीय योजनाओं/कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। डी जी शक्ति कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान प्रगति धीमी होने पर इसमें तेजी लाए जाने के निर्देश उपायुक्त उद्योग को दिया गया।

विकास प्राधिकरण के निर्धारित बिंदुओं की प्रगति भी कम पाई गई, जिसमे अपेक्षित प्रगति लाए जाने हेतु निर्देशित किया गया। मंडी के अपेक्षित कार्यक्रमों की प्रगति भी असंतोषजनक पाई गई। जिलाधिकारी ने जिन विभागों की प्रगति लक्ष्य के सापेक्ष ठीक नही है, उन सभी संबंधित अधिकारियों के खिलाफ शासन को पत्र लिखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं/कार्यक्रमों की अपेक्षित प्रगति प्रत्येक दशा में सुनिश्चित कराये। जिससे जनपद की रैंकिंग बेहतर रहे। इसमें कोई भी लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। साथ ही कड़े रूप से निर्देशित करते हुए कहा कि बैठक में सक्षम विभागीय अधिकारी ही प्रतिभाग करें। उन्होने बगैर पूर्व सूचना के बैठक में अनुपस्थित जलनिगम के अभियंता एवं एलडीएम के खिलाफ उनके विभागीय उच्चाधिकारियों को पत्र लिख जाने के निर्देश दिए। मकानों के नामांतरण के लंबित मामलों को शीघ्रता से निस्तारित कराये जाने हेतु नगर निगम के अधिकारी को निर्देशित किया। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के संबंधित अभियंता को निर्देशित करते हुए कहा कि लक्ष्य के अनुसार सड़क निर्माण का कार्य समय से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान लक्ष्य के सापेक्ष सभी आवासों को त्वरित गति से पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए। 102,108 एंबुलेंस के आकस्मिक सत्यापन कराने हेतु निर्देशित करते हुए कहा कि सुनिश्चित किया जाय कि सभी एंबुलेंस रिस्पांस टाइम के अंतर्गत पहुंचे। बैठक के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी के अनुपस्थित रहने पर एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने लक्ष्य के सापेक्ष पशुओं के कृत्रिम गर्भाधान में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित किए जाने हेतु उपस्थित पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया। कन्या सुमंगला योजना के लंबित आवेदन पत्रों का तेजी से सत्यापन कराने के निर्देश, जनपद में निर्माणाधीन सेतुओ पर तेजी से कार्य कराते हुए अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश संबंधित अभियंता को दिए। सड़कों के निर्माण की प्रगति असंतोषजनक पाई जाने पर नाराजगी जताते हुए तेजी से कार्य कराये जाने हेतु पीडब्लूडी के अभियंता को दिए। ओडीओपी, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, कौशल विकास आदि के योजनाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। लक्ष्य के सापेक्ष नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य सुनिश्चित किए जाने के निर्देश सिंचाई विभाग के अभियंता को दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों समस्त शिकायतों का समयंतर्गत एवं गुणवत्ता परक निस्तारण प्रत्येक दशा में सुनिश्चित करें। इसमें कोई भी लापरवाही न बरती जाए।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल, जिला विकास अधिकारी, पीडी डी आर डी ए, डीसी मनरेगा, अपर नगर आयुक्त, उपनिदेशक कृषि, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *