रिपोर्ट उपेन्द्र कुमार पांडेय, आजमगढ़ 

 

 

आज़मगढ़ ।मण्डलायुक्त मनीष चौहान ने कहा है कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हर स्तर पर निरन्तर लोगों को जागरुक किया जाये तथा सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत यातायात के नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाय। मण्डलायुक्त श्री चौहान ने मंगलवार को देर सायं आयुक्त सभागार में सड़क सुरक्षा समिति तथा संभागीय परिवहन प्राधिकरण की आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूर्व में आजमगढ़ में चिन्हित 21 ब्लैक स्पाट में से जिस एक ब्लैक स्पाट पर अभी कार्य नहीं हुआ है उसे तत्काल पूरा करें। इसी प्रकार मऊ में चिन्हित 10 में 9 पर तथा बलिया में चिन्हित 11 ब्लैक स्पाट में 8 पर कार्य हुआ है। उन्होंने निर्देश दिया कि अवशेष चिन्हित ब्लैक स्पाट पर कार्य हेतु धनराशि आवंटित कराकर शीघ्र कार्य पूर्ण कर लिया जाय। मण्डलायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को पूरी गंभीरता से लिया जाय तथा नियमित रूप से चेकिंग कर दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेल्मेट की अनिवार्यता सुनिश्चित कराई जाय। उन्होंने कहा कि जनपद भ्रमण के दौरान प्रायः देखा जाता है कि बहुत ही कम दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट का तथा चारपहिया वाहन चालकों द्वारा सीटबेल्ट का प्रयोग अत्यन्त कम संख्या में किया जाता है, जो सुरक्षित यातायात की दृष्टि से किसी भी दशा में उचित नहीं है। उन्होंने पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि हाईवे पर नियमित रूप से चेकिंग कर हेल्मेट एवं सीटबेल्ट की अनिवार्यता को सुनिश्चित करें तथा वाहनों पर ओवरलोडिंग को भी सख्ती से रोका जाय। उन्होंने ओवर स्पीड के प्रति भी लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया। दुर्घटना होने पर एम्बुलेन्स की उपलब्धता के सम्बन्ध में अपर निदेशक स्वास्थ्य द्वारा बताया गया कि मण्डल के जनपदों में पर्याप्त संख्या में एम्बुलेन्स उपलब्ध हैं तथा जनपदांे में इसके लिए चिकित्सक भी नामित हैं। मण्डलायुक्त श्री चौहान ने इस सम्बन्ध में आरटीओ तथा तीनों जनपद के एआरटीओ को निर्देश दिया कि एम्बुलेन्स के दुर्घटना स्थल पर पहुंचने, घायलों को ट्रामा सेन्टर तक समय से पहुंचाने, ट्रामा सेन्टर में हुए कुल इलाज आदि की वास्तविक स्थिति जानने के लिए ट्रामा सेन्टरों पर जाकर जॉंच करें तथा दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में भी बतायें। इसके अलावा चिन्हित ब्लैक स्पाट को भी देखें और चेक करें। अनजान वाहनों से दुर्घटना होने पर पीड़ित या उनके परिवार को मुआवजा दिये जाने का कई प्रकरण में उपजिलाधिकारियों के स्तर जॉंच लम्बित रहने के कारण भुगतान कार्यवाही विगत वर्षों से लम्बित बताई गयी। मण्डलायुक्त श्री चौहान ने इस सम्बन्ध में निर्देश दिया कि तत्काल जिलाधिकारी से सम्पर्क कर वस्तुस्थिति से अवगत करायें तथा जॉंच की कार्यवाही पूर्ण कराते हुए भुगतान सुनिश्चित किया जाय। मण्डलायुक्त मनीष चौहान ने कहा कि सड़कों पर बालू, गिट्टी, मोरंग आदि रखे जाने के कारण जहॉं यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है वहीं यह दुर्घटना के कारण भी बनते हैं, इसलिए इसे हटवाया जाय। उन्होंने कहा कि फुटपाथ पर कब्जे के कारण प्रायः जाम लगा रहता है, इसलिए नगर पालिका के साथ मिलकर फुटपाथों को कब्जामुक्त कराया जाय। मण्डलायुक्त श्री चौहान ने रोडवेज की बसों को बस अड्डे के परिसर में खड़ी करने के बजाय सड़कों पर खड़ी करने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए क्षेत्रीय प्रबन्धक रोडवेज को निर्देशित किया कि बसें परिसर के अन्दर ही खड़ी होनी चाहिए, यदि परिसर में जगह कम है तो बसों को अत्यन्त कम समय तक खड़ी करने के लिए निश्चित स्थल चिन्हित करें, परन्तु सुनिश्चित किया जाय कि किसी भी दशा में जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। इसी क्रम में उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया कि आजमगढ़ रोडवेज के पीछे की सड़क को और चौड़ी करायें ताकि निकट के चौराहों पर लगने वाले जाम से छुटकारा मिल सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आज़मगढ़ परीक्षित खटाना, अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) संजय कुमार, उप परिवहन आयुक्त, वाराणसी जोन भीमसेन सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) राधे श्याम, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) आरएन चौधरी, क्षेत्रीय प्रबन्धक, रोडवेज मनोज कुमार वाजपेयी, एआरटीओ आजमगढ़ सत्येन्द्र कुमार यादव, एआरटीओ मऊ सुहैल अहमद, एआरटीओ बलिया अरुण कुमार राय, ब्रांच मैनेजर नेशनल इंश्योरेन्स बद्री प्रसाद सहित अन्य विभागों के अधिकारी तथा परिवहन से सम्बन्धित यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *